दुर्ग जिले में मवेशियों की तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चिखली चौक के पास की गई, जहां पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में 6 मवेशियों को बेहद खराब और अमानवीय स्थिति में ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी मवेशियों को मुक्त कराया और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई 23 अप्रैल की रात को की गई।
दरअसल युवराज साहू की सूचना पर पुलिस ने चिखली चौक क्षेत्र में घेराबंदी कर पिकअप (CG 05 D 1007) को रोका। जांच के दौरान वाहन में 6 मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। मवेशियों के लिए न पर्याप्त जगह थी और न ही चारा-पानी की कोई व्यवस्था थी। मौके पर ही आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मौके पर ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के नाम निर्मल मनेश्वर, तुलसीराम नागेश्वर, जयपाल नागेश्वर और भगतराम खरे हैं। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के बालाघाट और सिवनी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4 और 6 के साथ ही पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया है।
मवेशी और वाहन किए जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप सहित सभी 6 मवेशियों को जब्त कर लिया। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 लाख 32 हजार रुपए आंकी गई है। इसमें पिकअप वाहन की कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए और मवेशियों की कीमत लगभग 82 हजार रुपए बताई गई है।
जब्त किए गए मवेशियों में 2 पड़वा, 3 पड़िया और 1 बछिया शामिल हैं।