छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक बार फिर मासूम नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के भिलाई में एक बार फिर मासूम नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। आरोपी बच्ची को दुकान में चॉकलेट दिलाने के बहाने सुनसान जगह की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसे देख लिया। ग्रामीणों ने बच्ची को समय रहते बचाया और तुरंत आरोपी युवक को पकड़ लिया।

इसके बाद स्थानीय लोगों ने गुस्से में आकर आरोपी की मौके पर ही जमकर पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। यह मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है।

मितानिन ने लिया है गोद

दरअसल बच्ची की मां नहीं है और उसके पिता काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। बच्ची की देखभाल और परवरिश एक मितानिन कर रही है, जिसने उसे गोद लिया हुआ है। शनिवार की शाम करीब 5 बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी।

इसी दौरान आरोपी बच्ची को दुकान से चॉकलेट दिलाने के बहाने जंगल और झाड़ियों की तरफ ले जा रहा था, तभी गांव के कुछ लोगों ने उसे देख लिया। ग्रामीण उसके पीछे-पीछे गए। समय रहते सभी ने बच्ची को बचा लिया।

इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने की पुष्टि- दुष्कर्म की कोशिश हुई, दुष्कर्म नहीं

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह दुष्कर्म की कोशिश थी, दुष्कर्म नहीं हुआ है।

यह घटना शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर और सीएसपी प्रशांत कुमार समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी किशोर चौहान (23) के खिलाफ धारा 137(2), 65(2), 296, 115(2), 351(3) और 4,12 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

मामले में भिलाई-3 थाना पुलिस का कहना है कि युवक रेप की कोशिश कर रहा था, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर हिरासत में लिया गया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।