महासमुंद पुलिस ने आईपीएल मैचों के दौरान चल रहे बड़े ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि इस सट्टा गिरोह ने करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपए का लेन-देन किया था।
पुलिस ने आरोपियों से कुल मिलाकर लगभग 2 करोड़ 46 लाख 400 रुपए की संपत्ति भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी UNCLEBAT9, UNCLE777, Grand777, PowerExch, WazirExch, Classic7777, GrandExch और God777 जैसे विभिन्न ऑनलाइन पैनलों के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे थे। यह गिरोह 5 पैनल और 10 मास्टर लॉगिन का उपयोग कर पूरे नेटवर्क को चला रहा था।
इस मामले का खुलासा 8 अप्रैल 2026 को हुआ, जब महासमुंद थाना पुलिस ने घोड़ारी स्थित बाबा फैमिली ढाबा के पास से 6 आरोपियों को ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए गिरफ्तार किया। ये आरोपी “पावर एक्स” नामक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सट्टा चला रहे थे।शुरुआती जांच और तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को इस बड़े सट्टा नेटवर्क की विस्तृत जानकारी मिली।
ऑनलाइन सट्टा गिरोह का मास्टरमाइंड नितिन गिरफ्तार
मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने रायपुर और बेमेतरा में दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि गिरोह का मुख्य एडमिन “नितिन” था। वह ऑनलाइन पैनलों का संचालन करता था, अन्य लोगों को सट्टे की आईडी उपलब्ध कराता था और सट्टेबाजी की राशि का वितरण भी करता था।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे और विभिन्न स्थानों से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दुर्गेश डहरे उर्फ योगेश (रायपुर), ललित चावला (रायपुर), अंशु बग्गा (बेमेतरा), सौरभ जैन (रायपुर), विजय वर्मा (रायपुर) और निशांत नागवानी (रायपुर) शामिल हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 22 मोबाइल फोन (13 टच स्क्रीन और 9 कीपैड) तथा 1 करोड़ 15 लाख रुपए के सट्टा लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट की धारा 6 और 7 के साथ-साथ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।