छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देर रात 20 से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से लैस बदमाशों ने जमकर मारपीट की, जिसमें एक युवक और चार महिलाएं घायल हो गईं। युवक को रायपुर रेफर किया गया है। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें नकाबपोश बदमाश लाठी-डंडे से लैश होकर हमला करते दिख रहे हैं। वहीं अब मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। मारपीट की वजह घर के सामने पेशाब करने से रोकना बताया जा रहा है।
इसे लेकर बदमाशों ने बदला लिया। इस घटना के बाद सभी फरार बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। जानिए क्या है पूरा मामला ?
चिंगराजपारा में रहने वाले घायल सनत सारथी के अनुसार वह रात करीब 12 बजे खाना खाने के बाद मोहल्ले में टहल रहा था, तभी विक्की अहिरवार अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपियों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में सनत सारथी के सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी रेखा सारथी को भी नहीं बख्शा और उनके पैर में चोट लगी।
इसके अलावा बेदू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी को भी गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
दो दिन पहले हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस घटना से दो दिन पहले एक मामूली विवाद हुआ था। आरोपी पक्ष पीड़ित के घर के सामने पेशाब कर रहा था, जिसका विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने प्लानिंग के तहत हमला किया। मारपीट की घटना CCTV में कैद
मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि 20 से ज्यादा युवक मुंह ढके और नकाब पहनकर पहुंचे थे। सभी के हाथों में लाठी-डंडे थे और आते ही उन्होंने हमला शुरू कर दिया।
इस पूरे मामले में सरकंडा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।