कोंडागांव पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपी की पहचान बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र के राजपुर सरगिगुड़ा पारा निवासी कुशल दीवान (35) के रूप में हुई है।
यह मामला 25 अप्रैल को सामने आया, जब पीड़िता ने मर्दापाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, मई 2025 में आरोपी ने पीड़िता का फोन नंबर प्राप्त कर उससे बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती गहरी हुई।
पीड़िता गर्भवती होने पर शादी से इंकार कर दिया
इस दौरान आरोपी ने पीड़िता को शादी करने और उसे अपनी पत्नी बनाने का भरोसा दिलाया। इस विश्वास का फायदा उठाकर, आरोपी ने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए और यह सिलसिला लंबे समय तक चलता रहा।
जब पीड़िता गर्भवती हो गई और उसने आरोपी से शादी करने की बात कही, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी कुशल दीवान से पूछताछ की गई, जिसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने 27 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।