कोरबा जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने पुलिस ने कटघोरा अनुविभाग में होटल, लॉज और ढाबों पर बड़ा चेकिंग अभियान चलाया

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने पुलिस ने कटघोरा अनुविभाग में होटल, लॉज और ढाबों पर बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप मच गया। कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, जबकि एक ढाबा पहले ही सील किया जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एएसपी कटघोरा नितीश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में कटघोरा, पाली और पासान थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ जांच की गई।

थाना प्रभारी कटघोरा धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कटघोरा-अंबिकापुर रोड स्थित पंजाबी ढाबा, बिलासपुर रोड के गगन होटल, काके ढाबा समेत कई प्रतिष्ठानों में जांच की। पासान थाना क्षेत्र में भी अचानक निरीक्षण किया गया।

शराब बेचने-पिलाने पर सख्त चेतावनी

हालांकि जांच के दौरान अवैध शराब बिक्री या पिलाने जैसी गतिविधि नहीं मिली, लेकिन संचालकों को साफ चेतावनी दी गई कि नियम तोड़े तो कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस ने लिखित नोटिस देकर शराब न बेचने और न पिलाने की हिदायत दी।

बिना ID किसी को ठहराने पर होगी कार्रवाई

पुलिस ने निर्देश दिया है कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को होटल या लॉज में न ठहराया जाए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।

पहले ही सील हो चुका है ढाबा

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कटघोरा पुलिस ने तानाखार क्षेत्र के कंचन ढाबा में दबिश दी थी। वहां से अंग्रेजी शराब जब्त की गई थी। शराबखोरी कराते पकड़े जाने पर ढाबे को सील कर दिया गया था।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

कोरबा पुलिस ने साफ किया है कि कटघोरा उप संभाग में होटल, लॉज और ढाबों की जांच लगातार जारी रहेगी। नियम उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।