कोरबा के बांगो पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रेलर ड्राइवर से लूट के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकोरबा के बांगो पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रेलर ड्राइवर से लूट के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ड्राइवर को धमकाकर नकदी और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए कुल 9500 रुपये लूटे थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बोलेरो वाहन और लूटी गई रकम बरामद की है।

यह घटना 26 अप्रैल की रात करीब 2 बजे हुई थी। पीड़ित सलमान अंसारी निवासी गढ़वा अंबिकापुर से कोयला लोड कर रायपुर जा रहा था। हसदेव नदी के पास ट्रेलर का प्रेशर कम होने पर उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया था।

ड्राइवर को जान से मरने की धमकी दे कर गाड़ी में बैठा लिया

इसी दौरान सफेद रंग की बिना नंबर की बोलेरो में सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। उन्होंने ड्राइवर से वाहन के कागजात मांगे, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे जबरन बोलेरो में बैठा लिया गया।

9500 रुपये की लूट कर आरोपी फरार हो गए

आरोपियों ने चालक के पास से 7000 रुपये नकद और पर्स में रखे 800 रुपये लूट लिए। उन्होंने क्यूआर कोड के जरिए 1200 और 500 रुपये भी ट्रांसफर करा लिए, कुल 9500 रुपये की लूट कर आरोपी फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई

पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना बांगो में अपराध क्रमांक 77/2026 धारा 296, 351(3), 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

बिलासपुर के निवासी हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौनक सिंह (20) पिता राकेश सिंह और कुनाल रजक (19) पिता मनोज कुमार रजक के रूप में हुई है। दोनों तिफरा विद्युतनगर, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बोलेरो वाहन और लूटी गई रकम में से 800 रुपये बरामद किए हैं। दोनों को 28 अप्रैल को न्यायिकरिमांड में भेज दिया गया है।