सक्ती जिले के छपोरा में फर्जी एसबीआई बैंक खोलकर नौकरी के नाम पर ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी पंकज टंडन (31) को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार चल रहे टंडन को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों ने ग्राम छपोरा में फर्जी एसबीआई बैंक खेला था। वे लोगों को नौकरी का झांसा देते थे, बाकायदा इंटरव्यू लेते थे और फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करते थे। हर पीड़ित से करीब 30,000 रुपए की वसूली की गई थी, जिससे कई लोगों को सुनियोजित तरीके से ठगी का शिकार बनाया गया।
शिकायत के बाद खुला धोखाधड़ी का मामला
इस धोखाधड़ी का खुलासा एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा के जीवराखन कावड़े की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 318(4), 338, 336, 340, 3(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पहले ही कई आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने इससे पहले अनिल भास्कर, नरेंद्र साहू, हीरा दिवाकर उर्फ कुणाल दिवाकर, टुकेश्वर दास महंत और सुभद्रा महंत सहित छह अन्य आरोपियों को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
बाकी फरार आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, एएसपी पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
मुख्य आरोपी पंकज टंडन की गिरफ्तारी
इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी पंकज टंडन को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे हाल ही में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।