छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष आदित्य कश्यप उर्फ टीनी के खिलाफ नाबालिग से छेड़छाड़ और गाली-गलौज का आरोप

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष आदित्य कश्यप उर्फ टीनी के खिलाफ नाबालिग से छेड़छाड़ और गाली-गलौज का आरोप है। पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। केस दर्ज होने के 13 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपी फरार बताया जा रहा है।

मामला चंद्रपुर थाना क्षेत्र का है। इस मामले में आदित्य कश्यप ने कॉल पर अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि युवती के साथ उनका पिछले करीब 4 सालों से प्रेम संबंध था। यह भी दावा किया कि युवती नाबालिग नहीं है, इसके बावजूद पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। जबकि पीड़िता के पिता का कहना है कि बेटी की वर्तमान उम्र 17 साल है।जानकारी के मुताबिक चंद्रपुर थाने में 1 मई को आदित्य कश्यप के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि आदित्य ने नाबालिग लड़की के साथ अभद्र व्यवहार किया और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज भी की। वहीं आदित्य ने फोन पर कहा कि उसके लड़की से 4 साल से प्रेम संबंध है। लड़की नाबालिग नहीं है।

युवती के पिता ने आरोपों को किया खारिज

वहीं युवती के पिता ने भाजपा नेता के आरोपों को खारिज कर दिया। उनका कहना है कि युवक काफी समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। कई बार युवक को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इसके बाद मजबूर होकर उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

परिजन बोले- आरोपी को मिल रहा संरक्षण

पीड़ित पक्ष का कहना है कि अगर यह आरोप किसी आम व्यक्ति पर होता तो पुलिस तत्काल कार्रवाई करती, लेकिन राजनीतिक पद से जुड़े होने के कारण आरोपी को कथित तौर पर संरक्षण मिल रहा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

युवती के पिता से विवाद होने की कही बात

आदित्य कश्यप के मुताबिक 23 अप्रैल को युवती के पिता के साथ उनका विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि युवती के पिता कई लोगों के बीच उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई थी, जिसकी शिकायत थाने में भी दर्ज कराई गई थी।

आदित्य कश्यप ने कहा कि इस मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई से वे संतुष्ट नहीं थे। उनका आरोप है कि इसके बाद युवती के पिता ने अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस मामले में चंद्रपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कोशले ने कहा कि शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।