चांपा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.1 किलोग्राम गांजा और नगदी रकम बरामद की है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख रुपए आंकी गई है।
यह कार्रवाई प्रभारी एसपी निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में की गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि भोजपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास एक महिला अवैध रूप से गांजा बेच रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गैस एजेंसी के पीछे काला बैग लेकर खड़ी महिला को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
बैग से मिला गांजा
पूछताछ में महिला ने अपना नाम मोंगरा बाई निवासी ग्राम पिसौद, थाना जांजगीर बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 2.1 किलो गांजा और 450 रुपए नगद बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 234/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजी गई आरोपी
गिरफ्तारी के बाद महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इससे पहले भी चांपा पुलिस नशीली कफ सिरप, कच्ची महुआ शराब और देशी शराब के मामलों में कार्रवाई कर आरोपियों को जेल भेज चुकी है।