छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक गर्मी और बढ़ने वाली है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक गर्मी और बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य हिस्सों में अगले 5 दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में आज गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

मंगलवार शाम रायगढ़ में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। दुर्ग-भिलाई में भी आंधी-तूफान का असर देखने को मिला, जहां तेज हवा और बारिश के दौरान एक बिजली पोल कार पर गिर गया। रायपुर में भी शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए, जिससे मौसम में हल्की राहत महसूस हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि बीते 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया।

प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बिलासपुर में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नारायणपुर जिले के नांगुर में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई।