राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू तथा उसके परिवार की करीब 7.66 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्तियां सीज कर दी

Chhattisgarh Crimesराजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू तथा उसके परिवार की करीब 7.66 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्तियां सीज कर दी हैं। सफेमा और एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई इस कार्रवाई में सक्षम प्राधिकारी मुंबई ने फ्रीजिंग आदेश को कन्फर्म किया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में एनडीपीएस एक्ट के तहत यह पहली बड़ी वित्तीय कार्रवाई मानी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गांधीनगर कालीबाड़ी निवासी रवि साहू को 17 किलो 882 ग्राम गांजा तस्करी मामले में विशेष एनडीपीएस कोर्ट पहले ही 10 साल कैद और एक लाख रुपए जुर्माने की सजा सुना चुकी है। इसके बाद पुलिस ने अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की जांच शुरू की।

जांच में रवि, उसकी पत्नी शशि साहू, पुत्र और मां के नाम पर कृषि भूमि, मकान, प्लॉट, भवन और कमर्शियल वाहन समेत कई चल-अचल संपत्तियां मिलीं। पुलिस के अनुसार रवि के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से गांजा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। ऑनलाइन सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष संपत्तियों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद 15 मई को अथॉरिटी ने 16 संपत्तियों को सीज करने के आदेश को पूरी तरह कन्फर्म कर दिया। अब इनकी खरीद-बिक्री या हस्तांतरण बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति संभव नहीं होगा।

रवि साहू के खिलाफ सफेमा एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए पुलिस ने करीब एक महीने तक अलग-अलग तहसीलों में जमीन खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड खंगाले। सेंट्रल जोन पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम बनाई गई, जिसने आयकर विभाग की मदद से आरोपी की आय और खर्च का ब्योरा जुटाया। जांच में सामने आया कि पिछले छह वर्षों में रवि ने 16 प्रॉपर्टी खरीदीं, जिनमें प्लॉट, मकान, खाते और दो कारें शामिल हैं। अधिकांश लेन-देन कैश में किए गए थे।

पुलिस के मुताबिक वैध आय की तुलना में इनका मूल्य कई गुना अधिक मिला, जिसके बाद इन्हें अवैध कमाई से खरीदा गया माना गया। दरअसल, रवि साहू के नाम रायपुर और अभनपुर क्षेत्र में करीब 1.71 करोड़ रुपए की जमीन और प्लॉट दर्ज हैं। पत्नी शशि साहू के नाम मानाबस्ती, खोरपा और रायपुर में करीब 5.74 करोड़ की संपत्तियां व वाहन दर्ज मिले। बेटे ऋषि साहू के नाम इमलीडीह में 20 लाख रुपए का मकान मिला है।