छत्तीसगढ़ के भिलाई में चौहान ऑटोमोबाइल मारुति सुजुकी शोरूम में एक महिला कर्मचारी ने सीईओ के खिलाफ जमकर हंगामा किया और उन पर स्याही फेंक दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के भिलाई में चौहान ऑटोमोबाइल मारुति सुजुकी शोरूम में एक महिला कर्मचारी ने सीईओ के खिलाफ जमकर हंगामा किया और उन पर स्याही फेंक दी। इसके बाद महिला ने पुलिस की मौजूदगी में सीईओ को थप्पड़ जड़ दिया और लात भी मारी।

महिला ने शोरूम के सीईओ अंकित आनंद के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि सीईओ उसे अश्लील मैसेज भेजते थे और गलत तरीके से बात करते थे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

फिलहाल पुलिस ने एक महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही बताया जा रहा है कि शोरूम की कुछ और महिला कर्मचारी भी सीईओ के व्यवहार से परेशान हैं और उन्होंने भी शिकायत करने की बात कही है।

जांच करने पहुंची पुलिस तभी महिला ने फेंकी स्याही

जानकारी के अनुसार, महिला कर्मचारी पहले से ही सीईओ के खिलाफ शिकायत कर चुकी थी। उसी मामले की जांच के लिए जब पुलिस अधिकारी अंकित आनंद को लेकर शोरूम पहुंचे, तभी महिला कर्मचारी का गुस्सा फूट पड़ा।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि जैसे ही सीईओ ऑफिस के अंदर पहुंचे, सामने से आई महिला कर्मचारी ने उनके चेहरे और शर्ट पर स्याही फेंक दी।

सीईओ को थप्पड़ मारे और लात चलाई

स्याही फेंकने के तुरंत बाद महिला कर्मचारी सीधे सीईओ के सामने पहुंची और उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उसने लात भी मारी। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी बीच-बचाव करने की कोशिश करते रहे, लेकिन महिला काफी गुस्से में थी।

इस दौरान वहां कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी, इसलिए पुलिसकर्मी सिर्फ समझाइश देते नजर आए।

सीईओ के खिलाफ अपराध दर्ज

घटना के समय ऑफिस में अन्य महिला कर्मचारी भी मौजूद थीं, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। वीडियो में पुलिस अधिकारियों को महिला को रोकने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है, वहीं सीईओ खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आए।

कई महिलाएं हो रही हैं प्रताड़ित

शोरूम में चल रहे विवाद के बीच अब और भी आरोप सामने आए हैं। जानकारी के मुताबिक, शोरूम में काम करने वाली सिर्फ एक महिला ही नहीं, बल्कि 3 से 4 अन्य महिला कर्मचारी भी सीईओ से परेशान हैं। उन्होंने भी शिकायत करने की बात कही है।

शिकायत करने वाली महिला का आरोप है कि सीईओ अंकित आनंद उन्हें अश्लील मैसेज भेजते थे और गलत तरीके से बात करते थे। फिलहाल पुलिस ने एक महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।