छत्तीसगढ़ के जशपुर में महिला ने थाना परिसर स्थित वायरलेस टॉवर पर चढ़कर दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के जशपुर में महिला ने थाना परिसर स्थित वायरलेस टॉवर पर चढ़कर दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी। रिश्तेदार का कहना है कि वह मोबाइल पर आत्मघाती और फांसी से रिलेटेड वीडियो देखती थी।

जानकारी के मुताबिक महिला का नाम निलिमा है, जो कि अपनी मां के साथ 4 साल की बेटी आधार कार्ड बनवाने कुनकुरी से आई थी। इस दौरान वह अचानक लापता हो गई। कुछ देर बाद पता चला कि वह थाना परिसर के सामने स्थित टॉवर पर चढ़ गई, उसे समझाने की कोशिश की गई।

इसके बावजूद वह टॉवर से नहीं उतरी और फांसी लगा ली। हालांकि अभी तक सुसाइड की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मर्ग कायम कर रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। घटना कुनकुरी थाना परिसर की है। जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, निलिमा लकड़ा (22) ग्राम धुमाडांड की रहने वाली थी। वह लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थी। निलिमा सोमवार को अपनी मां के साथ बेटी के दस्तावेज बनवाने अस्पताल आई थी। इसी दौरान वह लापता हो गई।

रिश्तेदार उसकी तलाश कर रहे थे। तड़के सुबह उसने डायल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को अपनी जानकारी दी। इसके कुछ ही समय बाद वह थाना परिसर के सामने स्थित वायरलेस टॉवर पर चढ़ गई।

पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस, नगर सेना, डीडीआरएफ और नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और बचाव दल ने युवती को लगातार समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। समझाने के बावजूद लगाई फांसी

अधिकारियों ने उसे बातों में उलझाकर समय लेने की कोशिश भी की, लेकिन इन प्रयासों के बावजूद महिला ने टॉवर पर ही फांसी लगा ली। टॉवर की ऊंचाई अधिक होने के कारण शव को नीचे उतारने में कठिनाई हुई।

घंटों चला रेस्क्यू अभियान, बड़ी संख्या में जुटी भीड़

करीब तीन से चार घंटे तक रेस्क्यू अभियान चला। इस दौरान थाना परिसर के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी राकेश पटनवार, एसडीएम नंद जी पांडे, एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में एएसपी राकेश पटनवार ने बताया कि शुरुआती जांच में मानसिक असंतुलन की आशंका सामने आई है। मर्ग कायम कर लिया गया है, मामले की जांच जारी है।