छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पिता ने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर पत्नी के बॉयफ्रेंड की चार्जिंग केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पिता ने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर पत्नी के बॉयफ्रेंड की चार्जिंग केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी। 2 साल से उनका अफेयर चल रहा था और इसे लेकर पति और पत्नी में आए दिन विवाद होते रहता था। शनिवार को विवाद के महिला के बुलाने पर बॉयफ्रेंड उसके घर पहुंचा, जहां पिता और बेटे ने वारदात को अंजाम दिया और भाग निकले।

वहीं, महिला थाने पहुंचकर विवाद की सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो बॉयफ्रेंड का शव फर्श पर पड़ा हुआ था और पिता-बेटे मौके से फरार थे। हालांकि, पुलिस ने आरोपी पिता-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी पति कवर्धा में हेडमास्टर है और हाल ही में परिवार बिलासपुर शिफ्ट हुआ था। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, शिवकुमार कामले (49) सहसपुर लोहारा, सिंगारपुर (कवर्धा) स्थित मिडिल स्कूल में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ है। जबकि पत्नी रीना कामले का मुंगेली के रहने वाले दावेंद्र बघेल (27) से अफयर चल रहा था। यह बात शिवकुमार को पता था।

करीब एक हफ्ते पहले ही कामले अपनी पत्नी, दो बेटियों और बेटे के साथ सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के मकान नंबर 106 में शिफ्ट हुए था। वहीं, अफयर को लेकर दिन दंपती में विवाद होता था। शनिवार सुबह करीब 9 बजे शिव कामले अपने बेटे के साथ ड्राइंग रूम में बैठा था।

इसी दौरान उसका पत्नी से लगातार विवाद हो रहा था। शिवकुमार अपनी पत्नी को दावेंद्र बघेल को घर बुलाने के लिए कहा। पति के कहने पर रीना ने दावेंद्र को फोन किया। जब दावेंद्र घर पहुंचे तो उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। दोपहर के समय महिला को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी।

वह सकरी थाने पहुंची और घर में चल रही घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उमेश साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो दावेंद्र की लाश फर्श पर पड़ी मिली, जबकि पिता और बेटा वहां से फरार थे।

महिला ने बॉयफ्रेंड के रिश्तेदारों को बुलाया

बताया जा रहा है दावेंद्र के जीजा और चाचा को रीना ने खुद मामले की जानकारी दी। इसके बाद उनकी मौजूदगी में एफएसएल टीम ने जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स भेजा गया।

इधर पुलिस रिपोर्ट में सामने आई कहानी के मुताबिक राम्हेपुर, गोंड़खाम्ही निवासी जितेंद्र कुमार बघेल (32) ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई दावेंद्र सुबह 9 बजे घर से अपनी बाइक (सीजी 28 यू 9811) से बिना बताए निकला था।

दोपहर करीब 3 बजे उसके मौसी के लड़के मंजीत रात्रे ने मोबाइल पर सूचना दी कि ग्राम सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की रहने वाली रीना कामले नाम की महिला ने बताया कि दावेंद्र दोपहर में उनके घर आया था।

उस समय उनके पति शिवकुमार कामले और उनका बेटा मिलकर दावेंद्र को ऊपर के कमरे में बंद कर मारपीट कर रहे हैं। रीना ने यह भी बताया कि पिता और बेटे ने नीचे के दरवाजे पर ताला लगा दिया है और वे उसे जान से मार डालेंगे।

घर में ताला, दावेंद्र मृत मिला

जितेंद्र बघेल की रिपोर्ट के अनुसार जब वह अपने चाचा तारन और भाई धर्मेंद्र बघेल के साथ सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित शिवकुमार कामले के घर पहुंचा तो पाया कि नीचे के दरवाजे पर ताला लगा था। पीछे की खिड़की से ऊपर के कमरे में जाकर देखा तो दावेंद्र कमरे में बेड के पास जमीन पर मृत पड़ा था।

फिलहाल, इस पूरे मामले में पुलिस ने आरोपी पिता और नाबालिग बेटे को अरेस्ट कर लिया है। आरोपी शिवकुमार ने पूछताछ में बताया कि पत्नी रीना का करीब दो साल पहले छोटी बहन के वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान दावेंद्र से संपर्क हुआ था और तभी से दोनों का अफेयर चल रहा था।

सिम तोड़कर फेंका, लेकिन बॉयफ्रेंड दूसरा सिम लेकर पहुंच गया

आरोपी के अनुसार एक महीने पहले उसे अफेयर की जानकारी हुई थी, जिसके बाद उसने अपनी पत्नी को दावेंद्र से संपर्क रखने से मना किया और उसका सिम तोड़कर फेंक दिया। शनिवार को दावेंद्र दोपहर करीब 12 बजे रीना कामले को सिम देने के लिए सैदा आया, जिसे शिवकुमार कामले ने देख लिया।

सुतली और मोबाइल केबल से गला घोंटकर हत्या

इसके बाद शिवकुमार कामले ने दावेंद्र को घर बुलवाया। समझाइश देने के दौरान दावेंद्र नहीं माना और विवाद बढ़ गया। हाथापाई के दौरान शिवकुमार कामले और उसके बेटे ने मिलकर प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल केबल तार से दावेंद्र का गला घोंटकर और दबाकर हत्या कर दी।

इस मामले में थाना प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि पत्नी का अफेयर चल रहा था, समझाइश के बाद भी बॉयफ्रेंड के नहीं मानने पर पिता-बेटे ने वारदात को अंजाम दिया। दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से से पिता को न्यायिक रिमांड पर भेज भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग बेटे को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।