छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पिकअप की फोटो खींचने पर युवक की चप्पल और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी गई। मारपीट का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में आरोपी पिकअप मालिक युवक को उठाकर जमीन पर पटकते दिखाई दे रहा है।
दरअसल, पीड़ित युवक का नाम कमलेश गुप्ता (31) है, जो ग्राम रेगड़ी का रहने वाला है और लैलूंगा के तोलगे कृषि सेवा केंद्र में काम करता है। कृषि केंद्र के पास एक पिकअप खड़ी थी। मालिक ने कर्मचारी को उस पिकअप की फोटो खींचकर लाने कहा।
कर्मचारी ने पिकअप की फोटो खींचकर रख ली। इसी बात पर पिकअप मालिक भड़क गया और मारपीट कर दी। दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला
शुक्रवार की सुबह कमलेश कृषि केंद्र में काम कर रहा था। दुकान के मालिक बजरंग अग्रवाल ने पास खड़ी पिकअप के नंबर का फोटो खींचने कहा। मालिक के कहने पर कमलेश बाहर गया और मोबाइल से गाड़ी की फोटो खींचकर बजरंग को दे दी।
कमलेश जब फोटो खींचकर लौटा, तभी वहां पास में ‘प्रेम बाजार’ दुकान चलाने वाला धीरज मित्तल पहुंच गया। धीरज का कहना था कि कमलेश ने उसकी दुकान और उसकी पिकअप गाड़ी की फोटो क्यों खींची। इसी बात को लेकर धीरज गाली-गलौज करने लगा और देखते ही देखते उसने कमलेश की पिटाई कर दी।
जान से मारने की धमकी दी
पीड़ित युवक का आरोप है कि मारपीट के दौरान धीरज ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं, इस घटना में कमलेश के सिर, कंधे और जबड़े पर गंभीर चोटें आई है। उसने थाने पहुंचकर धीरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज आगे की जांच में जुट गई है।
आरोपी भी पहुंचा थाना
घटना के बाद लैलूंगा निवासी धीरज मित्तल (32) ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। धीरज ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी कमलेश गुप्ता उसके गोदाम के पास आया और गोदाम के सामने का वीडियो बनाने लगा, जब धीरज ने उसे वीडियो बनाने से मना किया, तो कमलेश गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी।
वहां से अपनी जान बचाकर धीरज भागते हुए अपनी दुकान में आ गया। इसके बाद आरोपी रूद्रेश अपने अन्य साथियों के साथ दुकान के अंदर घुस आया और वे सभी मिलकर दोबारा गाली-गलौज करने लगे। किसी तरह आस-पास के लोगों के बीच-बचाव से मामला शांत हुआ, जिसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
पुलिस बोली- जांच कर कार्रवाई करेंगे
इस पूरे मामले में लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिस पर केस दर्ज कर लिया गया है और जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।