बलौदा बाजार जिले की भाटापारा शहर पुलिस ने लाखों रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16.19 लाख रुपये मूल्य का सोना, चांदी और नकदी बरामद कर चोरी गए माल की शत-प्रतिशत रिकवरी करने का दावा किया है।
मामला सुभाष वार्ड निवासी ढाल सिंह ठाकुर के घर में हुई चोरी का है। जानकारी के अनुसार, ढाल सिंह अपनी पत्नी के इलाज के लिए रायपुर गए हुए थे। इसी दौरान उनके सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
21 मई को घर पहुंची नौकरानी ने मकान का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और जेवर व नकदी गायब थे। इसके बाद भाटापारा शहर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
किरायेदार पर गया पुलिस का शक
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देश पर विशेष टीम ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि मोहल्ले में किराए से रहने वाला अरुण साल्वे घटना के बाद से गायब है।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने बिलासपुर में दबिश देकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
जेवर बेचने की फिराक में थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी किए गए जेवर बेचने की तैयारी में घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण साल्वे (40), संजय खरे (34 वर्ष), निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद किए हैं-
- 10 तोला सोना (अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये)
- 40 तोला चांदी (अनुमानित कीमत 96 हजार रुपये)
- 23,420 रुपये नकद
बरामद संपत्ति का कुल मूल्य 16,19,420 रुपये आंका गया है।
रेकी कर बनाई थी चोरी की योजना
जांच में खुलासा हुआ कि अरुण साल्वे किराए के मकान में रहकर इलाके की गतिविधियों पर नजर रखता था। उसे ढाल सिंह ठाकुर के रायपुर जाने की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद उसने अपने साथी संजय खरे के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
दोनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 1 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।