रायपुर में नगर निगम जोन-9 और यातायात पुलिस ने विजय नगर चौक, शीतला तालाब क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे लगे अवैध ठेले और गुमटियों को हटा दिया

Chhattisgarh Crimesरायपुर में नगर निगम जोन-9 और यातायात पुलिस ने विजय नगर चौक, शीतला तालाब क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे लगे अवैध ठेले और गुमटियों को हटा दिया। यह कार्रवाई महर्षि वाल्मीकि वार्ड क्रमांक-32 के अंतर्गत की गई।

नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़नदस्ता, जोन-9 नगर निवेश विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 12 अवैध ठेले और गुमटियों को हटा दिया। इस दौरान संबंधित लोगों पर जुर्माना भी लगाया गया।

साथ ही भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। अधिकारियों के अनुसार सड़क पर अवैध कब्जा कर व्यवसाय किए जाने के कारण यहां लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी।

लोगों को जाम से राहत मिली

कार्रवाई के बाद विजय नगर चौक और शीतला तालाब मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई और लोगों को जाम से राहत मिली। स्थानीय नागरिकों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क पर अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

शहर के प्रमुख चौराहों पर चलेगा अभियान

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर टीम प्रहरी अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास हुए अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है।

अधिकारियों का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और जहां भी सड़क पर कब्जा कर यातायात बाधित किया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।