कोण्डागांव में एक युवती को झूठे प्रेम जाल में फंसाकर धोखा देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया

Chhattisgarh Crimesकोण्डागांव में एक युवती को झूठे प्रेम जाल में फंसाकर धोखा देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग के सखी वन स्टॉप सेंटर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसने पीड़िता को कानूनी मदद प्रदान की।

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने खुद को अविवाहित बताकर लगभग एक साल तक युवती से संपर्क बनाए रखा। बाद में युवती को पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। सच्चाई सामने आने पर युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने सखी वन स्टॉप सेंटर से मदद ली।

सखी सेंटर की टीम ने युवती की लगातार काउंसिलिंग की और उसका मनोबल बढ़ाया। साथ ही उसे कानूनी सलाह और पुलिस से मदद भी दिलाई गई। सेंटर की पहल पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह सखी वन स्टॉप सेंटर वर्ष 2017 से महिलाओं और बालिकाओं को चिकित्सा, कानूनी सहायता, पुलिस सहयोग, काउंसिलिंग और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं दे रहा है। अब तक यहां 2065 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 795 मामलों में महिलाओं को अस्थायी आश्रय देकर सहायता दी गई है।

किसी भी प्रकार की हिंसा या परेशानी की स्थिति में महिलाएं टोल फ्री नंबर 181 पर 24 घंटे मदद ले सकती हैं।