बेमेतरा जिले के ग्राम नवागांवखुर्द में युवक पर गंभीर आरोप लगे

Chhattisgarh Crimesबेमेतरा जिले के ग्राम नवागांवखुर्द में युवक पर गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि युवक की कथित गुंडागर्दी और मारपीट की घटनाओं से गांव में डर का माहौल बन गया है। महिलाओं ने आरोप लगाया है कि युवक ने उनके घर में घुसकर मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

इस घटना में कई महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें कुछ के हाथ में फ्रैक्चर और सिर, शरीर पर चोटें आई हैं। घायल महिलाएं ठगिया बाई, उनकी बेटियां और अन्य ग्रामीण सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार आरोपी युवक अक्सर गांव में विवाद करता रहता है। उस पर महिलाओं से अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और लोगों को धमकाने के आरोप भी हैं। मंदिर परिसर में भी कई बार विवाद हो चुका है, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण रहता है।

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ परपोड़ी थाने में पहले भी शिकायतें दर्ज हैं, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि गांव में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो गांव में डर और बढ़ सकता है।

DIG बोले- एसडीओपी को दिए कार्रवाई के निर्देश

वहीं, मामले में बेमेतरा डीआईजी रामकृष्ण साहू ने बताया कि नवागांवखुर्द की महिलाएं शिकायत लेकर आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी को निष्पक्ष जांच और जरूरी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।