छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी बद्रीनारायण मीणा (बैच 2004) को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी बद्रीनारायण मीणा (बैच 2004) को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया है। उनकी नई पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, बद्रीनारायण मीणा अब बस्तर रेंज में अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे। इससे पहले वे पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे।

उनकी नियुक्ति को बस्तर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इससे पहले IPS बद्रीनारायण मीणा दुर्ग रेंज के आईजी और एसएसपी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। 2004 बैच के इस आईपीएस अधिकारी ने बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) के रूप में भी सेवाएं दी हैं।

जानिए कौन हैं बद्रीनारायण मीणा

बद्रीनारायण मीणा छत्तीसगढ़ कैडर के 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। मूल रूप से वे राजस्थान के जयपुर जिले के रहने वाले हैं। उनके पिता जनगणना विभाग में नौकरी करते थे। बद्री मीणा ने अपनी स्कूली और कॉलेज की पढ़ाई जयपुर में ही पूरी की।

उन्होंने सनफ्लावर पब्लिक स्कूल से दसवीं और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोद्दार से बारहवीं की पढ़ाई की। इसके बाद राजस्थान कॉलेज, जयपुर से वर्ष 2000 में बीए की डिग्री हासिल की।

यूपीएससी की तैयारी के दौरान उन्होंने पहली बार 2001 में परीक्षा दी और बाद में 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी बने। उनके भाई श्रवण मीणा भी इसी बैच के आईपीएस अधिकारी रहे। हालांकि बाद में श्रवण मीणा ने दोबारा यूपीएससी परीक्षा पास कर भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) जॉइन कर ली।