बिलासपुर शहर के लालखदान फ्लाई ओवर ब्रिज पर देर रात एक युवक पर चाकू और बेल्ट से हमला कर लूटपाट की गई

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर शहर के लालखदान फ्लाई ओवर ब्रिज पर देर रात एक युवक पर चाकू और बेल्ट से हमला कर लूटपाट की गई। अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

हमले में घायल युवक को राहगीरों ने डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया। इस घटना के बाद क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक वारदातों को लेकर तोरवा पुलिस की गश्त और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

तोरवा टीआई रजनीश सिंह ने बताया कि घायल व्यक्ति से पूछताछ के बाद ही घटना का पूरा ब्योरा मिल पाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि घायल के परिजन युवक की बाइक लेने थाने आए थे, लेकिन उन्होंने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं कराई है।

इससे अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला रंजिश के चलते किया गया था या लूटपाट के इरादे से।

4 दिन पहले दूसरे ब्रिज पर भी हुई थी वारदात

चार दिन पहले हेमूनगर फ्लाई ओवर ब्रिज के पास भी एक युवक के साथ मारपीट कर लूटपाट की गई थी। उस मामले के हमलावर भी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

मौके से गुजर रहे लोगों ने बताया कि लालखदान ब्रिज पर लूटपाट की घटनाएं बढ़ गई हैं और पुलिस इन पर अंकुश लगाने में सफल नहीं हो पा रही है। घायल युवक अस्पताल से अपनी नाइट ड्यूटी कर लौट रहा था, तभी ब्रिज पर अज्ञात हमलावरों ने उसे रोककर नकदी और मोबाइल लूट लिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।