छत्तीसगढ़ के धमतरी में दो पत्नियों को एक साथ रखने की जिद में पति हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। उसने दो शादियां की हैं, लेकिन दोनों पत्नियां अलग-अलग रहती हैं। दोनों को साथ रखने की मांग को लेकर वह करीब 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे समझाइश देकर नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद दोनों पत्नियों को मौके पर बुलाया गया। दोनों पत्नियों के समझाने पर वह करीब डेढ़ घंटे बाद टावर से नीचे उतर आया।
पति के टावर से नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची। वहां उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने के भीतर यह दूसरी बार है, जब वह टावर पर चढ़ा। मामला भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेंड्रा का है। दोनों पत्नी अलग-अलग रहती थी
जानकारी के मुताबिक ग्राम भेंड्रा का रहने वाला यादराम साहू (30) खेती किसानी करता है। उसकी पहली शादी साल 2019 में हुई थी। बाद में उसका एक लड़की से अफेयर था, जिसके बाद साल 2022 में उस लड़की से दूसरी शादी कर ली।
एक ही घर में तीनों साथ रहने लगे, लेकिन बाद में दोनों पत्नी के बीच झगड़े होने लगे, जिससे दूसरी पत्नी अलग रहने लगी थी। पति चाहता था कि दोनों पत्नियां एक ही घर में रहे, लेकिन वो दोनों साथ रहने को तैयार नहीं थे।
विवाद के बाद टावर पर चढ़ा पति
इसी बात को लेकर रविवार शाम को उनके बीच विवाद हो गया। इसके बाद पति करीब 60 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। उसे देखकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद फौरन मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
पत्नियों की बात मानकर उतरा
मौके पर पहुंची पुलिस टीम यादराम को समझाइश देकर नीचे उतारने की कोशिश में जुटी रही, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद दोनों पत्नियों को मौके पर बुलाया गया, जिनकी बात मानकर वह नीचे उतर गया। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची।