कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा रविवार रात रायपुर पहुंचे। वे आज कांग्रेस जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में शामिल हुए। रायपुर पहुंचने पर खेड़ा ने RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन और इतिहास में संघ का कोई योगदान नहीं रहा है।
साथ ही, उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान राम के नाम पर भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता। सोशल मीडिया के इस दौर में उन्होंने इस प्रशिक्षण शिविर को जरूरी बताया और कहा कि इससे कार्यकर्ताओं को सीखने और संवाद करने का अच्छा मौका मिला है।
शिविर खत्म होने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रशिक्षण और मंथन का असर आने वाले दिनों में दिखाई देगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने नए जिला अध्यक्षों को संगठन, जनसंपर्क और राजनीतिक मुद्दों पर पूरी तरह प्रशिक्षित किया है।
बैज ने कहा, ‘छत्तीसगढ़ में अब नई कांग्रेस और आक्रामक कांग्रेस दिखेगी। जिला अध्यक्षों को पूरी तरह तैयार करके भेजा जा रहा है। आने वाले समय में वे जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।’
राम मंदिर ट्रस्ट पर पवन खेड़ा ने उठाए सवाल
अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले पर पवन खेड़ा ने मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की सोच और निगरानी में बना है और इसकी गतिविधियों पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की भी नजर रही है।
RSS का इतिहास में कोई योगदान नहीं रहा
RSS के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के महात्मा गांधी को लेकर दिए गए बयान पर पवन खेड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का देश के स्वतंत्रता आंदोलन और इतिहास में कोई योगदान नहीं रहा है।
पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि अयोध्या से लेकर उज्जैन तक सामने आई घटनाएं संघ की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं। ऐसे संगठनों ने देश और हिंदू समाज को नुकसान पहुंचाने का काम किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे बयानों पर ज्यादा समय खर्च करने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है।