छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मछली कारोबारी की मजदूरों ने हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मछली कारोबारी की मजदूरों ने हत्या कर दी। आरोपी मजदूरी नहीं बढ़ाने और कारोबारी के बर्ताव से नाराज थे। आरोपियों ने कारोबारी पर चाकू से 40 से ज्यादा बार वार किए। कारोबारी के पीठ, पेट और कंधे पर चोट के निशान ​मिले। यहां तक उसकी अतड़ियां भी बाहर आ गई थी।

वारदात के बाद आरोपी 37 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद 2 नाबालिगों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह मामला नगरी थाना क्षेत्र के गोरेगांव का है।

अब जानिए पूरा मामला

यह वारदात 27 जून की रात हुई। जानकारी के अनुसार, विप्लव मंडल (55) गरियाबंद जिले के बोइरगांव दर्रीपारा के रहने वाले हैं। वे धमतरी में मछली का कारोबार करते थे। घटना के समय वह अपने कर्मचारी चुम्मन यादव के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। गोरेगांव के पास पहले से घात लगाए मजदूरों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने पहले विप्लव मंडल के सिर पर हमला किया। इसके बाद कर्मचारी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। चुम्मन किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला।

इसके बाद आरोपियों ने विप्लव मंडल पर 2 चाकुओं से लगातार 40 से ज्यादा बार हमला किया। इस हमले में कारोबारी की अतड़ियां भी बाहर आ गई थी।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कारोबारी को नगरी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि मछली कारोबारी की हत्या उनके फिश फार्म में काम करने वाले मजदूरों ने की है। 2 नाबालिगों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मजदूरी नहीं बढ़ाने से नाराज थे मजदूर

पुलिस ने बताया कि विप्लव मंडल एक निजी फिश फार्म चलाते थे और गिरफ्तार सभी आरोपी वहीं मजदूरी करते थे। मजदूरों ने मजदूरी बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का यह भी कहना है कि कारोबारी अक्सर उनके साथ गलत तरीके से पेश आते थे और गाली-गलौज करते थे। इसी बात को लेकर वे काफी समय से नाराज थे। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में आरोपियों ने 25 जून 2026 को हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन उस दिन वे अपने इरादे में सफल नहीं हो सके।