छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के बांदे थाना क्षेत्र में घर में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर 5 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के बांदे थाना क्षेत्र में घर में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर 5 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर सेल और बांदे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में महाराष्ट्र के नागपुर और गढ़चिरौली से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों के कब्जे से 4.96 लाख रुपये नकद और एक पिकअप वाहन जब्त किया गया है।

प्रार्थी बलराम सरकार (53), निवासी पीव्ही-104 दीपनगर ने पुलिस को बताया कि 17 मई को एक व्यक्ति साधु के वेश में पांच पैर वाले नंदी बैल के साथ उसके घर पहुंचा। भीख लेने के दौरान उसने परिवार की बीमारी दूर करने और घर में गड़ा सोना निकालने का दावा किया।

आरोपी ने कहा कि इसके लिए विशेष ‘स्वयं सुंदरी भस्म’ खरीदनी होगी और अपना मोबाइल नंबर देकर संपर्क में रहा।

आयुर्वेदिक दुकान से खरीदी महंगी भस्म

आरोपी के कहने पर पीड़ित महाराष्ट्र के गढ़चिरौली पहुंचा, जहां कारगिल चौक स्थित एक आयुर्वेदिक दुकान से 52 हजार रुपये में ‘स्वयं सुंदरी भस्म’ खरीदी गई। बाद में आरोपी दो अन्य साथियों के साथ पीड़ित के घर पहुंचे और पूजा-पाठ के नाम पर एक कलश निकालकर उसमें सोने जैसी वस्तु दिखाकर उसे लाल कपड़े में बांध दिया।

साथ ही चेतावनी दी कि बिना अनुमति कलश खोलने पर परिवार के किसी सदस्य की मौत हो जाएगी।

दूसरी भस्म के नाम पर वसूले 4.44 लाख

इसके बाद आरोपियों ने ‘नव जीवन अमृत भस्म’ खरीदने का दबाव बनाया। आर्थिक स्थिति कमजोर बताने पर भी पीड़ित से दो ग्राम दवा के नाम पर 4.44 लाख रुपये ले लिए। बाद में जब आरोपियों ने और रकम की मांग की, तब पीड़ित को शक हुआ। कलश खोलने पर उसमें रखी 21 कथित सोने की मूर्तियां पीतल की निकलीं। इसके बाद उसने थाना बांदे में शिकायत दर्ज कराई।

तकनीकी जांच के बाद महाराष्ट्र में दबिश

मामला दर्ज होने के बाद बांदे पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर महाराष्ट्र में दबिश दी। नागपुर और गढ़चिरौली से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के कब्जे से कुल 4.96 लाख रुपये नकद और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. भोला गवते (नागपुर)
  2. मुकेश सोनेष्वर (नागपुर)
  3. शिवागिरी (गढ़चिरौली)
  4. लिलाधर शिवाजी वाघमारे उर्फ निलेश (नागपुर)
  5. परमेश्वर उर्फ देवा (नागपुर)
  6. दिनेश सोनेष्वर (नागपुर)

आरोपियों से बरामदगी

  • भोला गवते – 70,000 एवं पिकअप वाहन
  • मुकेश सोनेष्वर – 76,000
  • शिवागिरी – 50,000
  • दिनेश सोनेष्वर – 1,00,000
  • निलेश वाघमारे – 1,00,000
  • परमेश्वर उर्फ देवा – 1,00,000
  • 4,96,000 नकद
  • एक पिकअप वाहन

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।