जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के कोसा गांव में दो दिन से लापता 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के कोसा गांव में दो दिन से लापता 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। शव गांव की एक बाड़ी में सड़ी-गली अवस्था में मिला। शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सोमवार को ग्रामीणों ने गांव की एक बाड़ी में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची मुलमुला थाना पुलिस ने शव की पहचान अमित भंडारी (25) के रूप में की। युवक 27 जून से लापता था और परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे।

दो दिन से कर रहे थे तलाश

परिजनों के मुताबिक, अमित 27 जून को घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार को शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

शरीर पर मिले चोट के निशान

प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। इससे पुलिस को हत्या की आशंका है। घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पामगढ़ अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई या उसकी हत्या कर शव को बाड़ी में फेंका गया, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।