छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ ब्लॉग बनाने वाले एक युवक 4 किलो गांजे के साथ पकड़ा गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख रुपए है। हरिशंकर यादव उर्फ जुगनू (24) भिलाई का रहने वाला है, वह इंस्टाग्राम पर नशे के खिलाफ वीडियो बनाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग करता था।
29 जून को दुर्ग पुलिस को सूचना मिली कि वह गांजा बेचने की फिराक में बिहारी मोहल्ला पहुंचा है। जहां उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है।
इधर आरोपी की मां ने गिरफ्तारी को गलत बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे के पास कोई गांजा नहीं मिला है, इसलिए उसे कोर्ट में पेश नहीं किया गया बल्कि 3 दिनों से थाने में रखा गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी अपराधी प्रवृत्ति का है। उस पर हत्या के प्रयास जैसे कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस और प्रशासन से करता था कार्रवाई की मांग
हरिशंकर यादव इंस्टाग्राम पर ‘जूगनू ब्लॉगर’ पेज पर एक्टिव है। उसके करीब 573 फॉलोअर्स हैं। उसने अपने सभी पोस्ट में नशे के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
वह अपने वीडियो में स्कूलों, गार्डन, खेल मैदानों और खाली पड़े खंडहरों में पड़े इस्तेमाल किए हुए इंजेक्शन, नशीली दवाओं की खाली शीशियां और अन्य सामान दिखाता था।
इन वीडियो के जरिए वह जिला प्रशासन और पुलिस से नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग करता था। एक वीडियो में उसने खुर्सीपार थाना प्रभारी से कहा था, ‘आप यहां ध्यान दीजिए और कार्रवाई कीजिए।’
1 महीने पहले वायरल हुआ था वीडियो
करीब एक महीने पहले यानी 1 जून को जुगनू यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह खुर्सीपार के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर नशे से जुड़े सामान दिखाते हुए उन्हें साफ करता नजर आया था। उसने दावा किया था कि इलाके में खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है।
वीडियो में उसने स्कूल परिसर और उसके आसपास से मिले इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन, सिरिंज और दवाइयों को दिखाते हुए प्रशासन से स्कूलों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी रखने की मांग की थी। इसके अलावा केनाल रोड स्थित गार्डन क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पड़े इंजेक्शन और दवाइयों को दिखाते हुए उसने पुलिस से सख्त कार्रवाई की अपील की थी।