छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जेल से छूटने के महज तीन दिन बाद एक बदमाश ने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जेल से छूटने के महज तीन दिन बाद एक बदमाश ने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने आधी रात घर लौट रहे एक युवक का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे 15,200 रुपए लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पहचान परेड के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

आधी रात घर लौटते समय बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक ढिमरापुर निवासी त्रिनाथ सामल (31) जगन्नाथ हरिशचंद्र ज्वेलर्स में सेल्समैन है। वह दुकान के काम से रायपुर गया था और सोमवार रात राजहंस बस से रायगढ़ लौटा। चावला फर्नीचर के पास उतरकर उसने मालिक के घर सामान छोड़ा और रात करीब 12:30 बजे अपने कमरे की ओर जा रहा था।

इसी दौरान ढिमरापुर रोड स्थित आदित्य बाइक दुकान के पास दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों ने रुपए की मांग की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद जेब में रखा पर्स छीनकर उसमें मौजूद 15,200 रुपए लेकर फरार हो गए। मारपीट में त्रिनाथ के दोनों हाथों में चोट आई।

CCTV से मिली आरोपियों की पहचान

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध युवक नजर आए। उनकी पहचान बापूनगर और रामभाठा क्षेत्र के रहने वाले नीरज टोप्पो (19) और शैलेष मिंज (22) के रूप में हुई।

पहचान परेड के बाद गिरफ्तारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को रामभाठा मुक्तिधाम के पास से हिरासत में लिया। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराई गई पहचान परेड में पीड़ित ने दोनों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली।

लूट के रुपए लेकर ओडिशा घूमने चले गए

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद वे झारसुगुड़ा (ओडिशा) घूमने चले गए थे और लूट की अधिकांश रकम खर्च कर चुके हैं। पुलिस उनके कब्जे से केवल 700 रुपए ही बरामद कर सकी।

पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। नीरज टोप्पो के खिलाफ कोतवाली थाने में दो चोरी और एक लूट का मामला पहले से दर्ज है। वहीं शैलेष मिंज पर चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार नीरज घटना से सिर्फ तीन दिन पहले ही जेल से छूटा था और बाहर आते ही फिर से अपराध कर बैठा।

SSP बोले- अपराधियों पर सख्ती जारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि लूट, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।