मुंगेली जिले के हेडसपुर गांव में चुलमाटी कार्यक्रम के दौरान बैंड बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया

मुंगेली जिले के हेडसपुर गांव में चुलमाटी कार्यक्रम के दौरान बैंड बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपी महेंद्र जांगड़े को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 3 जून को ग्राम हेडसपुर में आयोजित चुलमाटी कार्यक्रम में शिवदास पात्रे अपने साथियों के साथ बैंड बजाने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब बैंड पार्टी वापस लौट रही थी, तभी गांव का महेंद्र जांगड़े वहां पहुंचा और दोबारा बैंड बजाने की जिद करने लगा।

बैंड बजाने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे नुकीले चाकू से शिवराज पात्रे के पेट के दाहिने हिस्से पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवराज को तत्काल मुंगेली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज

शिवदास पात्रे की शिकायत पर सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 188/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) और 118(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपी ने कबूला जुर्म, चाकू बरामद

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महेंद्र जांगड़े (24), निवासी हेडसपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हमला करने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर घर के आंगन में मिट्टी के नीचे छिपाकर रखा गया घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।