छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म होने की घोषणा के 100 दिन पूरे होने पर कांग्रेस ने सरकार से बस्तर के विकास को लेकर सवाल पूछे

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म होने की घोषणा के 100 दिन पूरे होने पर कांग्रेस ने सरकार से बस्तर के विकास को लेकर सवाल पूछे हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, सरकार को बताना चाहिए कि जिन वादों के साथ नक्सलवाद समाप्त होने का दावा किया गया था, उन पर अब तक कितना काम हुआ।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, 31 मार्च को भाजपा सरकार ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की थी कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद समाप्त हो गया है। अब 100 दिन पूरे होने वाले हैं, ऐसे में सरकार को बस्तर के लोगों के सामने विकास का रिपोर्ट कार्ड रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि, सरकार ने नक्सल प्रभावित हर पंचायत को 2 करोड़ रुपए देने का वादा किया था। इसके अलावा बस्तर के विकास के लिए 50 हजार करोड़ रुपए के विशेष पैकेज की बात भी कही गई थी। कांग्रेस ने पूछा कि इन घोषणाओं पर अब तक क्या प्रगति हुई है।

आखिर केंद्र से मंजूरी क्यों नहीं मिली

कांग्रेस नेता ने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कई बार बस्तर के विकास की कार्ययोजना लेकर दिल्ली गए थे। यदि केंद्र से मंजूरी नहीं मिली तो सरकार को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर मंजूरी क्यों नहीं मिली।

सुशील आनंद ने दावा किया कि भाजपा सरकार भले ही अपनी उपलब्धियां गिना रही हो, लेकिन बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लोगों का भरोसा जीतने की शुरुआत भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने दूरस्थ इलाकों में सुरक्षा कैंप स्थापित किए, जिससे प्रशासन की पहुंच बढ़ी और स्थानीय लोगों का विश्वास मजबूत हुआ।

31 मार्च को हुई थी नक्सलवाद समाप्ति की घोषणा

31 मार्च 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्य सरकार ने घोषणा की थी कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को निर्णायक रूप से समाप्त कर दिया गया है।