नकटी गांव में विस्थापित परिवारों के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के निवास का घेराव कर प्रदर्शन किया

Chhattisgarh Crimesनकटी गांव में विस्थापित परिवारों के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के निवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने प्रभावित परिवारों के लिए सम्मानजनक पुनर्वास की मांग उठाते हुए कहा कि गरीबों के घर उजाड़कर विधायक कॉलोनी बनाना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के रायपुर जिलाध्यक्ष नवनीत नंदे और यूथ विंग के जिलाध्यक्ष विकास दास मानिकपुरी ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और नकटी के विस्थापित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं।

प्रभावित परिवारों का सम्मानजनक पुनर्वास किया जाए।

चरागाह भूमि पर प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए।

गरीब, मजदूर, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

आप नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान जनता के विश्वास से मिलता है, न कि गरीबों का आशियाना उजाड़कर।

‘न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा’

प्रदर्शन में लोकसभा अध्यक्ष अज़ीम खान, युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष इमरान खान, प्रदेश कार्यालय प्रभारी शिव शर्मा, महिला विंग जिला अध्यक्ष अनुराधा शुक्ला सहित पार्टी के प्रदेश और जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।

आम आदमी पार्टी ने कहा कि नकटी के सभी प्रभावित परिवारों को न्याय, पुनर्वास और उनका अधिकार मिलने तक पार्टी का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।

नकटी मामले पर लगातार बढ़ रहा राजनीतिक घमासान

29 जून को नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद से यह मामला लगातार राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है। कांग्रेस पहले ही प्रदर्शन, राज्यपाल से मुलाकात और विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने की घोषणा कर चुकी है। अब आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन के बाद नकटी विवाद को लेकर सरकार पर राजनीतिक दबाव और बढ़ता नजर आ रहा है।