गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले की पुलिस ने अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाए जा रहे 26 भैंसों से भरे एक ट्रक को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesगौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले की पुलिस ने अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाए जा रहे 26 भैंसों से भरे एक ट्रक को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में भैंसों को क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर मरवाही थाना, कोटमी चौकी और साइबर सेल की टीम ने दानीकुंडी के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रक नहीं रोका और तेज रफ्तार से भागने लगा, लेकिन कुम्हारी बस स्टैंड के पास उसे रोक लिया गया।

26 भैंसें ठूंस-ठूंसकर भरी मिलीं

जांच में ट्रक क्रमांक UP 70 GT 3794 में 26 भैंसें अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरी मिलीं। चालक पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके संरक्षण की व्यवस्था कराई और ट्रक जब्त कर लिया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने आरोपी वाल्मीक साकेत (30) निवासी रोहिया, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना (मध्यप्रदेश) के खिलाफ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।