छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान जगह पर ले गए थे। वहां उन्होंने कथित तौर पर महिला से रेप करने की कोशिश की। विरोध करने पर एक आरोपी ने गमछे से महिला का गला दबाया, जबकि दूसरे ने पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर उसे मार डाला।

वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। साथ ही आसपास के लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामला दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र का है।

पढ़िए हत्या की पूरी कहानी…

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को मजदूरी करने वाली महिला रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर रिश्तेदारों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसी रात पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।

शव को जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखा गया, जहां रिश्तेदारों ने उसकी पहचान भगवंतीन साहू के रूप में की। पोस्टमॉर्टम में महिला के सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोट के निशान मिले। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलगांव थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

300 से ज्यादा खंगाले गए CCTV फुटेज

ASP सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि शुरुआत में यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर था। इसे सुलझाने के लिए पुलिस ने स्पेशल टीम बनाई। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

इसके अलावा इलाके के लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से भी पूछताछ की गई। तकनीकी सबूतों और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस का शक राइस मिल कर्मचारी हर्ष यादव (19) और मैकेनिक नितेश ठाकुर (20) पर गया।

दोनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई। शुरुआत में दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन जब उनके सामने तकनीकी और अन्य साक्ष्य रखे गए तो उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया।