छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से टकरा गई। हादसे में बैरिकेड का लोहे का पाइप युवक के पेट में घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और तड़पता रहा। इस घटना में बाइक पर सवार उसके 2 दोस्त भी घायल हुए हैं। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, जारहागांव निवासी प्रियांशु ज्ञानिक अपने दो दोस्तों के साथ देर रात बाइक से बिलासपुर से घर लौट रहा था। सकरी और पेंडारी के बीच मेन रोड पर उनकी बाइक अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से टकरा गई।
घायलों में शामिल स्टूडेंट्स
- प्रियांशु ज्ञानिक, निवासी जारहागांव (जिसके पेट पर पाइप घुसा)
- अब्राहम
- वरदान
पेट को चीरते हुए आरपार निकला पाइप
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बैरिकेड का लोहे का पाइप बाइक के सामने से होते हुए प्रियांशु के पेट में जा घुसा और आरपार निकल गया। हादसे में बाइक के पीछे बैठे दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद की। मौके से गुजर रहे गजेंद्र ठाकुर ने पुलिस और डायल-112 को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और राहत कार्य में सहयोग किया।
डायल-112 और एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। दो घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रियांशु को एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों का इलाज जारी है, जिसमें प्रियांशु की हालत सबसे गंभीर बताई जा रही है।
SDM ने तहसीलदार को अस्पताल भेजा
शुरुआती जानकारी के अनुसार बाइक तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही तखतपुर एसडीएम नितिन तिवारी ने तत्काल तहसीलदार को अस्पताल भेजा। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।