छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। आज (बुधवार) प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।

प्रदेश में 1 जून से अब तक सामान्य से 5% कम बारिश दर्ज की गई है, जिसे मौसम विभाग सामान्य श्रेणी में मान रहा है। मंगलवार दोपहर रायपुर और भिलाई में अच्छी बारिश हुई। राजधानी के विधानसभा क्षेत्र स्थित गैलेक्सी ग्रीन सोसायटी में जलभराव हो गया।

वहीं सरगुजा के ग्राम जजगा में खेत में रोपा लगा रही कमला भगत (37) की बिजली गिरने से मौत हो गई। इधर, धमतरी में 27 जुलाई को महानदी के साहनी घाट में बहे मछुआरे गुलाल सोरी (36) का शव 8 दिन बाद बरामद हुआ।