छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 5 साल की बच्ची से रेप मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक बच्ची को साइकिल सिखाने का झांसा देकर जंगल ले गया और वहां उसके साथ रेप किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला सीपत थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, सीपत थाना क्षेत्र की रहने वाली 5 साल की बच्ची बुधवार सुबह अपने घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान ग्राम नीरतू निवासी दीपक पटेल (30) वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने बच्ची को साइकिल सिखाने का लालच दिया और उसे अपने साथ रेलहा जंगल की ओर ले गया।
बच्ची के नहीं लौटने पर परिजनों ने शुरू की तलाश
जब दोपहर तक बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि बच्ची को दीपक पटेल के साथ जाते हुए देखा गया था। इसके बाद परिजन उसकी तलाश करते हुए जंगल की ओर पहुंचे और रास्ते में आरोपी को पकड़ लिया।
बच्ची ने मां को बताई घटना
परिजनों के घर पहुंचने के बाद बच्ची ने अपनी मां को बताया कि आरोपी उसे साइकिल सिखाने के बहाने जंगल ले गया था, जहां उसने उसके साथ गलत हरकत की। इसके बाद परिजनों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
बच्ची की मां की शिकायत पर सीपत थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।