सूरजपुर के मंदिरपारा इलाके में सड़क किनारे खड़ी कार का अचानक गेट खुलने से बाइक सवार युवक उससे टकराकर सड़क पर गिर गया

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर के मंदिरपारा इलाके में सड़क किनारे खड़ी कार का अचानक गेट खुलने से बाइक सवार युवक उससे टकराकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के मुताबिक, मंदिरपारा में एक कार सड़क किनारे खड़ी थी। कार में बैठे एक व्यक्ति ने अचानक गेट खोल दिया। उसी वक्त वहां से गुजर रहा बाइक सवार युवक खुले गेट से जा टकराया और बाइक समेत सड़क पर गिर गया। युवक के सड़क पर गिरते ही सामने से आ रहा पिकअप वाहन उसे टक्कर मारते हुए निकल गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, घायल युवक की पहचान और उसकी मौजूदा स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस कार का गेट खुलने से हादसा हुआ, उसका चालक डॉक्टर है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हादसे की पूरी घटना CCTV में कैद

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में हादसे की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। इसी के आधार पर पुलिस हादसे की वजह और इसमें किसकी लापरवाही थी, इसकी जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा रही।