छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में मारपीट के मामले में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तिवारी, उनके दामाद विक्की दुबे और बेटे वासु तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज हुई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में मारपीट के मामले में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तिवारी, उनके दामाद विक्की दुबे और बेटे वासु तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। यह मामला रवि कुमार शुक्ला की शिकायत पर 5 अगस्त 2026 को कोतवाली थाने में दर्ज किया गया।

दरअसल मामला पारिवारिक विवाद और प्रॉपर्टी से जुड़ा है। आरोप है कि विजय लक्ष्मी और उनके बेटे-दामाद ने मिलकर रवि कुमार शुक्ला के घर घुसकर उनके माता-पिता से मारपीट की है।

लकवाग्रस्त पिता को घसीटकर नाली में फेंका, मां से मारपीट की गई। इसका CCTV भी सामने आया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

क्यों की गई मारपीट

शिकायतकर्ता ने बताया कि साल 2015 में उसके बड़े भाई सूरज शुक्ला की शादी विजय लक्ष्मी तिवारी की छोटी बेटी से हुई थी। बड़े भाई की आमदनी कम होने के कारण भाभी का माता-पिता से अक्सर विवाद होता था।

भाभी अपने मायके पक्ष के लोगों के कहने पर पिता पर पूरा घर बड़े बेटे के नाम करने का दबाव बनाती थी। पिता ने घर सिर्फ बड़े बेटे के नाम करने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर ये घटना हुई।

पिता को नाली में फेंका, मां को पीटा

मारपीट की घटना शहर के वार्ड नंबर 10 में हुई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 5 अगस्त को विजय लक्ष्मी तिवारी अपने दामाद विक्की दुबे और बेटे वासु तिवारी के साथ उनके घर पहुंचीं। वहां उन्होंने पिता को घर से घसीटकर बाहर निकाला और नाली में फेंक दिया। इस दौरान मां के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनका हाथ टूट गया।

रवि कुमार का कहना है कि घटना की जानकारी उन्हें पड़ोसियों से मिली। वह जब घर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट में उनकी बाईं आंख के ऊपर चोट आई है।