कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली

Chhattisgarh Crimesकलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने सभी विभागों को लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग लोक सेवा गारंटी अधिनियम का पालन करें। तय समय में काम पूरा नहीं करने पर संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।

कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए आरबीसी 6(4) के सभी लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने को कहा। इसके साथ ही अविवादित खाता विभाजन और नामांतरण के दर्ज मामलों पर भी समय पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों से जुड़े राजस्व मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

पौधों के आसपास से हटाए जाएंगे घेराव

बैठक में प्रोजेक्ट पुनर्जीवन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि हर विभाग अपनी एक टीम बनाए और अपने आसपास लगे पौधों के कांक्रीट या जालीदार घेराव को हटाए। इससे पौधों को पर्याप्त जगह मिलेगी और उन्हें दोबारा बेहतर तरीके से बढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने इसे विभागों की जिम्मेदारी के रूप में पूरा करने के निर्देश दिए।

कृषि योजनाओं की भी समीक्षा

बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे, बकेटिंग, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर आईडी सहित अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन कामों को समय पर पूरा करने और लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीएफओ पंकज राजपूत, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।