ग्राम हरदी में सुनी पीएम नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’

Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimesविधायक रोहित साहू बोले- नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की ताकत

पूरन मेश्राम/गरियाबंद। ग्राम हरदी में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 137 वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लेखराम साहू के निवास पर हुआ। इसमें मुख्य रूप से राजिम विधायक रोहित साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, भाजपा आईटी सेल संभाग प्रभारी सागर मयाणी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लेखराम साहू, मंडल अध्यक्ष सुमित पारख सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

सामूहिक श्रवण के बाद विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान, महिला सशक्तिकरण, मिशन शक्तिसैट और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उनकी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रोजगार और रचनात्मक कार्यों से जोड़ना जरूरी है। नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव और सबसे बड़ी ताकत बन सकते हैं।

विधायक साहू ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना से बड़ी संख्या में महिलाएं जुड़कर अपना कारोबार आगे बढ़ा रही हैं। वहीं मिशन शक्तिसैट के माध्यम से 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक और इनोवेशन सीखने का अवसर मिलना बेटियों की बढ़ती क्षमता और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर स्वच्छता को जनभागीदारी से अभियान का रूप मिला है। लोगों के स्वच्छता को आदत और जिम्मेदारी मानने से गांवों और शहरों की तस्वीर बदल रही है।

जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश में हो रहे सकारात्मक बदलावों और जनभागीदारी के प्रयासों को सामने रखते हैं। इससे आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं को समाजहित में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

इस दौरान गरियाबंद मंडल महामंत्री प्रह्लाद ठाकुर, उमेश सिंह, प्रतीक तिवारी, प्रतीक सिंह, संजू साहू, तरुण ठाकुर, ग्राम पंचायत हरदी के सरपंच मिथलेश ध्रुव, भागवत ध्रुव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।