लंबित न्यायालयीन वारंटों की तामिली को लेकर दुर्ग पुलिस ने शनिवार को जिलेभर में एक साथ अभियान चलाया

Chhattisgarh Crimesलंबित न्यायालयीन वारंटों की तामिली को लेकर दुर्ग पुलिस ने शनिवार को जिलेभर में एक साथ अभियान चलाया। अपराध शाखा और अलग-अलग थाना क्षेत्रों की टीमों ने वारंटियों की तलाश में उनके घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान एक ही दिन में 101 लंबित वारंट तामील किए गए। पकड़े गए वारंटियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय के आदेश के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के इस अभियान में सबसे ज्यादा 23 वारंट दुर्ग थाना क्षेत्र से तामील किए गए। इसके बाद छावनी थाना क्षेत्र से 15 और मोहन नगर थाना क्षेत्र से 10 वारंट तामील हुए। इस तरह इन तीन थाना क्षेत्रों से ही कुल 48 लंबित वारंटों की तामिली की गई। शेष कार्रवाई जिले के अन्य थाना और चौकी क्षेत्रों में की गई।

पुलिस के मुताबिक, ये वारंट अलग-अलग पुराने न्यायालयीन मामलों में लंबे समय से लंबित थे। इनमें मारपीट, चाकूबाजी, हथियार रखने, शराब से जुड़े मामले, चेक बाउंस समेत अन्य अपराध शामिल हैं। वारंट जारी होने के बाद संबंधित लोगों की तलाश पुलिस के लिए लगातार चुनौती बनी हुई थी।

शनिवार को अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पुराने अभिलेखों में दर्ज पतों की जांच की। स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाकर वारंटियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। कई मामलों में पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर एक साथ तलाश की, ताकि वारंटी पुलिस की कार्रवाई से बच न सकें।

दुर्ग में सबसे ज्यादा कार्रवाई, छावनी दूसरे नंबर पर

थाना-वार आंकड़ों के अनुसार, दुर्ग थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा 23 वारंट तामील किए गए। इसके बाद छावनी में 15 और मोहन नगर में 10 वारंट तामील हुए। खुर्सीपार में 9, भिलाई भट्टी में 6, पुरानी भिलाई में 6 और नेवई में 6 वारंट तामील किए गए।

इसके अलावा पद्मनाभपुर में 4, सुपेला और स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में 4-4, उतई में 4, कुम्हारी में 3, भिलाई नगर में 3, जामुल में 3, नंदिनी नगर में 2 और वैशाली नगर में 1 वारंट तामील किया गया।