छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में प्रॉपर्टी डीलर की उसके दोस्त ने हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में प्रॉपर्टी डीलर की उसके दोस्त ने हत्या कर दी। दोनों के बीच उधार के पैसों को लेकर विवाद था। आरोपी ने दोस्त को फोन कर अपने किराए के मकान पर बुलाया। यहां पुराने लेनदेन को लेकर दोनों में विवाद हो गया। बात बढ़ने पर आरोपी ने डंडे से दोस्त की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर कमरे में रख दिया और बाहर से ताला लगाकर भाग गया। वह शव को ठिकाने लगाने की कोशिश में था, लेकिन मौका नहीं मिल पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का ताला खोलने की कोशिश की।

आरोपी ने पुलिस को रोकते हुए कहा कि कमरे में कुछ नहीं है। पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर देखा तो शव बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला चिखली चौकी क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, मोतीपुर रामनगर का रहने वाला अर्जुन वाधवानी (30) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बुधवार (2 सितंबर) की रात अर्जुन के दोस्त सुनील वर्मा (30) ने फोन कर उसे अपने किराए के मकान पर बुलाया था।

दोनों के बीच पिछले कुछ समय से पैसों के लेनदेन और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि अर्जुन ने सुनील की बाइक अपने पास रख ली थी। इसी बाइक को लेकर भी दोनों के बीच विवाद था।

कमरे में दोनों के बीच पैसों के लेनदेन की बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने डंडे से अर्जुन पर हमला कर दिया। हमले में अर्जुन के सिर पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद शव को बेडशीट में लपेटा

वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने और शव को छिपाने की कोशिश की। उसने अर्जुन के शव को एक बेडशीट में लपेटा और बाहर से कमरे का ताला बंद कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वह शव छिपाने की कोशिश में जुटा हुआ था। लेकिन इसी बीच पुलिस को भनक लग गई।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मकान बाहर से बंद था। जब पुलिस ने ताला खोलने की कोशिश की तो सुनील ने इसका विरोध किया। उसने पुलिस से कहा कमरे में कुछ नहीं है।

लेकिन पुलिस को उसकी बातों पर विश्वास नहीं हुआ। पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया तो देखा ​कि वहां अर्जुन की लाश पड़ी हुई है। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

FSL और डॉग स्क्वाड ने जुटाए सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून के निशान, फिंगरप्रिंट समेत अन्य जरूरी सबूत जुटाए हैं। इसके अलावा क्राइम और साइबर टीम भी जांच में जुटी है।