बालोद जिले में कृषि विभाग ने तीन कृषि केंद्रों के कीटनाशी लाइसेंस रद्द कर दिए

Chhattisgarh Crimesबालोद जिले में कृषि विभाग ने तीन कृषि केंद्रों के कीटनाशी लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर यह कार्रवाई की गई। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर खरीफ सीजन में कीटनाशी बिक्री केंद्रों की जांच तेज की गई है।

कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों को अच्छी गुणवत्ता और तय मानकों के कीटनाशी उपलब्ध कराना है। इसी अभियान के तहत अब तक जिले के 79 कृषि केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है। जांच में अनियमितता मिलने पर 10 केंद्रों में कीटनाशी की बिक्री पर रोक लगाई गई है, जबकि 45 केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

नेवारीकला के दो केंद्रों पर मिली अनियमितता

विकासखंड बालोद के ग्राम नेवारीकला में कीटनाशी निरीक्षक ने विनय कृषि केंद्र और नीलम ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों केंद्रों पर कीटनाशी के भंडारण, वितरण और दस्तावेजों के संधारण में अनियमितता मिली।इसके बाद दोनों केंद्रों पर कीटनाशी की बिक्री प्रतिबंधित कर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। संचालकों की ओर से दिए गए जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद विभाग ने दोनों केंद्रों के कीटनाशी लाइसेंस निरस्त कर दिए।

भानपुरी के कृषि केंद्र ने नोटिस का जवाब नहीं दिया

विकासखंड गुरूर के ग्राम भानपुरी स्थित साहू कृषि केंद्र का भी कीटनाशी निरीक्षक ने निरीक्षण किया था। यहां अनियमितता मिलने पर केंद्र संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

संचालक ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। इसके बाद कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए केंद्र का कीटनाशी लाइसेंस निरस्त कर दिया।

79 केंद्रों की जांच, 10 पर बिक्री प्रतिबंधित

कृषि विभाग के अनुसार जिले में अब तक 79 कीटनाशी विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया है। अनियमितता मिलने पर 10 केंद्रों में कीटनाशी की बिक्री प्रतिबंधित की गई है। वहीं, 45 केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। अब तक तीन कृषि केंद्रों के कीटनाशी लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं।