MCB जिले के मनेन्द्रगढ़ शहर के वार्ड नंबर 14 में शारदा मंदिर के पीछे रेलवे पटरी किनारे नाले में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 4 निवासी राकेश यादव उर्फ गोलू, पिता हीरालाल यादव के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है।
मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण का पता चलने की उम्मीद है
यादव समाज ने रद्द किए जन्माष्टमी कार्यक्रम
राकेश यादव की अचानक मौत के बाद यादव समाज में शोक का माहौल है। नवयुवक यादव समिति ने बताया कि राकेश समाज के वरिष्ठ सदस्य हीरा यादव के बेटे थे। घटना को देखते हुए समिति ने जन्माष्टमी के सभी कार्यक्रम रद्द करने का फैसला लिया है।
रद्द किए गए कार्यक्रमों में आरती, धरातल मटकी फोड़, भव्य शोभायात्रा और भक्ति जागरण शामिल थे। समिति ने मृतक को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है