बलरामपुर-रामानुजगंज के ग्राम कोदवा में शनिवार रात सामने से आ रही बाइक को बचाने के दौरान एक ट्रक अनियंत्रित होकर कोदवा बांध में जा गिरा

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर-रामानुजगंज के ग्राम कोदवा में शनिवार रात सामने से आ रही बाइक को बचाने के दौरान एक ट्रक अनियंत्रित होकर कोदवा बांध में जा गिरा। करीब 30 फीट गहरे पानी में डूबे ट्रक को दो दिन बाद सोमवार को दो हाइड्रा क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे के समय ट्रक समरी माइंस में बॉक्साइट लोड करने जा रहा था।

हालांकि, ट्रक ड्राइवर को तैरना आता था, जिससे वह किसी तरह तैरकर बाहर निकल गया और उसकी जान बच गई। करीब पांच घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ट्रक को बाहर निकाला जा सका। यह मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है।

अब जा​निए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे ट्रक समरी माइंस में बॉक्साइट लोड करने जा रहा था। इसी दौरान कोदवा बांध के पास सामने से आ रही बाइक को बचाने की कोशिश में ट्रक अनियंत्रित हो गया और बांध में जा गिरा। ट्रक देखते ही देखते करीब 30 फीट गहरे पानी में डूब गया।

हादसे के बाद ड्राइवर ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को तैरना आता था। ट्रक टाटीझरिया के महेंद्र यादव का बताया गया है।

हादसे के बाद ट्रक को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही थी। सोमवार सुबह 7 बजे दो हाइड्रा क्रेन की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे ट्रक को पानी से बाहर निकाल लिया गया।

ट्रक को बाहर निकलते देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। दो दिन तक पानी में डूबे रहने के कारण ट्रक की हालत काफी खराब हो गई है। अब वह सड़क पर चलने की स्थिति में नहीं है।