दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित सिरसा गेट अंडरब्रिज में सोमवार सुबह सड़क हादसे में बुलेट सवार 20 वर्षीय करण वर्मा की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान ग्राम सोमनी निवासी करण वर्मा के रूप में हुई है। करण कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था और दो भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे की खबर परिवार तक पहुंचने के बाद घर में शोक का माहौल है।पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि करण बुलेट से जा रहा था। इसी दौरान सिरसा गेट अंडरब्रिज में हादसा हुआ। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
दूसरे वाहन की भी होगी जांच
पुरानी भिलाई पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना किस कारण हुई और इसमें कोई दूसरा वाहन शामिल था या नहीं, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।