दंतेवाड़ा के गीदम नगर पंचायत के भाजपा अध्यक्ष रजनीश सुराना ने प्रदेश सरकार पर सड़कों की बदहाली को लेकर सवाल उठाए

Chhattisgarh Crimesदंतेवाड़ा के गीदम नगर पंचायत के भाजपा अध्यक्ष रजनीश सुराना ने प्रदेश सरकार पर सड़कों की बदहाली को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने जगदलपुर-बीजापुर NH-63 और हारम से दंतेवाड़ा तक खराब सड़कों को लेकर वीडियो जारी कर सरकार से सड़क निर्माण की मांग की है।

वीडियो में रजनीश सुराना ने कहा कि वैसे तो नगरवासी होने के नाते मेरा अधिकार है कि मैं अच्छी सड़क पर चलूं, लेकिन मैं सरकार से भीख मांगता हूं कि हमें अच्छी सड़क दीजिए।

बदहाल सड़कों और फंड नहीं मिलने से नाराज रजनीश सुराना ने कहा- जनता हमसे पूछ रही है कि हम क्या कर रहे हैं? हमें चुल्लू भर पानी में डूब मरने का मन करता है। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों के पेचवर्क पर भी सवाल उठाए और कहा कि जनता का गुस्सा बढ़ रहा है। चेतावनी दी कि जिस दिन जनता सड़क पर उतर गई, संभालना मुश्किल हो जाएगा।

वहीं, गीदम नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश सुराना का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। तूलिका कर्मा ने कहा कि भाजपा नेता की स्थिति देखकर लगता है कि इनकी हालत वाकई डूब मरने की हो गई है। वहीं लोगों ने भी सड़क की बदहाली को लेकर विरोध जताया।

सड़कों की हालत पर उठाए सवाल

दरअसल, गीदम नगर पंचायत के भाजपा अध्यक्ष रजनीश सुराना ने जगदलपुर-बीजापुर NH-63 और हारम से दंतेवाड़ा तक की खराब सड़कों को लेकर वीडियो जारी किया है। उन्होंने सरकार से सड़कों की मरम्मत और निर्माण कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा, गीदम के पास जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-63 की सड़क कई जगह से उखड़ी हुई है। वहीं हारम चौक से दंतेवाड़ा जाने वाले मुख्य मार्ग पर भी हारम के पास बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। यहां लगातार हादसे हो रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि गीदम शहर की सड़कों में हुए गड्ढों को लेकर जनता उनसे लगातार सवाल कर रही है।

उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी जिम्मेदारी लोगों की आवाज सरकार तक पहुंचाने की है, लेकिन काम के लिए फंड की जरूरत है।

योजना हम बनाते हैं, फंड हमें नहीं मिलता

वीडियो में अध्यक्ष ने कहा कि योजना बनाने की जिम्मेदारी उनकी है, लेकिन योजनाओं के लिए फंड उपलब्ध नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं को ऊपर तक पहुंचा रहे हैं और अब जिम्मेदार लोगों की जिम्मेदारी है कि सड़क के लिए राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि काम कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि वे अधिकारी ठेकेदारों के साथ मिलकर पेचवर्क के नाम पर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। पैसे जनता के हैं।

पेचवर्क के नाम पर क्या होता है, इसकी जांच हो

सुराना ने पेचवर्क को लेकर अधिकारियों और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क पर काम तो होता है, लेकिन उसकी गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने इस बात की जांच की मांग की कि पेचवर्क किस तरह किया जाता है और काम की गुणवत्ता की निगरानी कौन करता है।

उन्होंने कहा कि बारिश होगी तो सड़क पर पानी गिरेगा और गड्ढे भी हो सकते हैं, लेकिन सवाल यह है कि सड़क कितने समय तक टिकती है और निर्माण के बाद उसकी गुणवत्ता की जिम्मेदारी कौन लेता है?

जनता सड़क पर उतर गई तो संभालना मुश्किल होगा

नगर पंचायत अध्यक्ष ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जनता में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जिस दिन लोग सड़क पर उतर गए, उस दिन स्थिति संभालना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने जिम्मेदार लोगों से सड़क निर्माण कराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें इसलिए चुना है कि वे उनकी आवाज उठाएं। जब जनता को अपनी समस्याओं के लिए खुद आवाज उठानी पड़ रही है, तो जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े होते हैं।

कांग्रेस बोली- डूब मरो

भाजपा नेता की वीडियो वायरल होने के बाद जिला पंचायत सदस्य और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तूलिका कर्मा ने कहा कि, इनकी हालात वाकई डूब मरने की हो गई है। भाजपा के नेता खुद स्वीकार कर रहे हैं कि इनकी सरकार में कोई भी विकास काम नहीं हो रहा है। जनता वाकई परेशान है।

कांग्रेस हमेशा जनता के मुद्दों को उठाई है। भाजपा की सरकार में सड़कों की बदहाल स्थिति है। ये खुद भाजपा के लोग मान रहे हैं। इनकी असलियत जनता समझ रही है।