छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में पुलिस ने दो पिकअप से 9 क्विंटल 19 किलो गांजा जब्त किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में पुलिस ने दो पिकअप से 9 क्विंटल 19 किलो गांजा जब्त किया है। जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख रुपए बताई गई है। गांजा ओडिशा से कपड़े को गट्ठों के बीच में छिपाकर मध्यप्रदेश के कटनी ले जाया जा रहा था।

जिससे पुलिस की नजरों से बचा जा सके, लेकिन बॉर्डर पार करने से पहले ही पुलिस को चेकिंग के दौरान कपड़ों के गट्ठों के नीचे गांजा मिला। पुलिस ने दो महिलाओं समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला नागपुर चौकी क्षेत्र का है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मुख्य तस्करों को जानकारी जुटा रही है। मामला नागपुर चौकी क्षेत्र का है।

दरअसल, रविवार सुबह करीब 10.30 बजे नागपुर चौकी के सामने वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान ओडिशा नंबर की दो पिकअप (क्रमांक OD 14 AA 3468 और OD 14 AL 9682) को रोककर तलाशी ली गई। दोनों वाहनों में प्लास्टिक के पैकेटों में गांजा भरा मिला। पैकेटों को बोरियों में भरकर कपड़ों के गट्ठरों के बीच छिपाया गया था।

200 से ज्यादा पैकेट मिले

नागपुर चौकी प्रभारी शेष नारायण सिंह ने बताया कि, दोनों पिकअप से गांजे के 200 से ज्यादा पैकेट मिले हैं। इनका कुल वजन करीब 9.20 क्विंटल है। पुलिस के मुताबिक, इसकी अनुमानित कीमत साढ़े चार करोड़ रुपए से अधिक है।

ओडिशा से कटनी ले जा रहे थे गांजा

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि, वे ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के कटनी जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं मध्यप्रदेश के कटनी की रहने वाली हैं, जबकि चार आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के हैं।