कवर्धा सिटी कोतवाली पुलिस ने नया बस स्टैंड के पास से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि यादव होटल के पास एक युवक काले रंग के बैग में गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और आरोपी को पकड़ लिया।
मौके से पकड़े गए युवक की पहचान रामू सिंह पिता नेम सिंह (22), निवासी जिला कन्नौज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके पास मौजूद काले बैग की तलाशी लेने पर खाकी झिल्ली में लिपटा गांजे का पैकेट मिला।
गांजे का वजन 10 किलो 98 ग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी गांजा रखने या परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
मोबाइल समेत 5.10 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने गांजे के साथ आरोपी के कब्जे से Oppo A6x मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपए है। कुल जब्त सामान की कीमत करीब 5 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है।
NDPS एक्ट में अपराध दर्ज
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद होने पर सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 419/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 20(B) NDPS एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।